राणापुर में ‘आत्मनिर्भर महिला – सशक्त परिवार’ कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में विधायक भूरिया का मिला सहयोग

ललित जैन (मालवा न्यूज नेटवर्क राणापुर)
महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत राणापुर में 15 दिवसीय ‘आत्मनिर्भर महिला – सशक्त परिवार’ कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार से किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत जरूरतमंद महिलाओं एवं बालिकाओं को निःशुल्क सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर का व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, लगभग एक माह पूर्व श्रीमती यशवी शाह के द्वारा व्हाट्सएप के माध्यम से राणापुर की महिलाओं का एक समूह बनाया गया था, जिसमें उन महिलाओं की जानकारी साझा की गई जो घर से ही सिलाई, कुकिंग, कोचिंग क्लास सहित विभिन्न कार्य कर रही हैं। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय महिलाओं की प्रतिभाओं को पहचान दिलाकर उन्हें रोजगार से जोड़ना रहा। वर्तमान में इस समूह से करीब 400 महिलाएं जुड़ी हुई हैं।
समूह से जुड़ी कई महिलाओं ने यह इच्छा जताई कि वे भी कोई कार्य करना चाहती हैं, लेकिन उनके पास उचित अवसर या प्रशिक्षण नहीं है। महिलाओं की इस आवश्यकता को देखते हुए उन्हें रोजगार योग्य बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण योजना का विचार सामने आया। इस संबंध में झाबुआ विधायक विक्रांत भूरिया को अवगत कराया गया, जिन्होंने पूरे सहयोग का आश्वासन देते हुए इस योजना को साकार करने में अहम भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती इंदिरा अग्रवाल एवं श्रीमती हंसा डोशी द्वारा महाशक्ति महिला मंडल के सदस्यों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षक श्रीमती ज्योति दवे (सिलाई प्रशिक्षण) एवं श्रीमती सिमरन टेलर (ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण) के साथ सरस्वती माता के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में महिलाओं एवं बालिकाओं को मन लगाकर प्रशिक्षण प्राप्त करने की प्रेरणा दी तथा बताया कि किस प्रकार यह प्रशिक्षण उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करेगा। कार्यक्रम में किसी कारणवश विधायक विक्रांत भूरिया कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके । लेकिन उन्होंने संदेश के माध्यम से सभी प्रशिक्षणार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम की सफलता की कामना की।कार्यक्रम के लिए सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण में लगभग 50–50 प्रशिक्षणार्थियों के नामांकन प्राप्त हुए हैं। आयोजक कर्ता श्रीमती यशवी शाह ने बताया कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात प्रतिभागियों को आगे रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास भी किए जाएंगे।
