हिंदूवादी संगठनों की आपत्ति के बाद नगर परिषद की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी से उखाड़ी अवैध सड़क

ललित जैन राणापुर
राणापुर। नगर परिषद राणापुर द्वारा बुधवार को एक निजी कॉलोनी को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़क पर पीला पंजा चलाया गया। परिषद ने जेसीबी की मदद से सड़क को पूरी तरह उखाड़ते हुए आवाजाही को बंद कर दिया है। यह कार्रवाई हिंदूवादी संगठनों द्वारा दर्ज कराई गई आपत्ति के बाद की गई है।
क्या है पूरा मामला?
सूत्रों के अनुसार, विवाद की जड़ हाल ही में तहसील कार्यालय में दिए गए एक आवेदन को माना जा रहा है। स्थानीय मुस्लिम समाज के सदर द्वारा तहसील कार्यालय से विभिन्न हिंदू मंदिरों के संबंध में लिखित जानकारी मांगी गई थी। इस कदम के बाद हिंदूवादी संगठन सक्रिय हो गए और उन्होंने जवाबी मोर्चा खोल दिया।
संगठनों की आपत्ति और परिषद का एक्शन
पिछले दिनों हिंदूवादी संगठनों की एक बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें इस सड़क के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था। संगठनों ने नगर परिषद अध्यक्ष के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
अध्यक्ष प्रतिनिधि का बयान
मामले की पुष्टि करते हुए नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि दिलीप नलवाया ने बताया कि संगठनों की बैठक में इस सड़क के निर्माण को लेकर सवाल उठाए गए थे। श्री नलवाया ने स्पष्ट किया कि “नगर परिषद ने इस सड़क का निर्माण नहीं कराया है। इसे अवैध मानते हुए परिषद द्वारा उखाड़ने की कार्रवाई की गई है और रास्ता पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है।”
