रामकथा के दूसरे दिन उमड़ी भारी भीड़,,,, कथा में स्वामीजी ने समझाया जीवन के मूल्य,धर्म और भक्ति का महत्व

ललित जैन,मालवा न्यूज नेटवर्क राणापुर
श्रीकृष्ण गार्डन में सालंगपुर वाले प्रसिद्ध कथावाचक स्वामी सत्यप्रकाश जी द्वारा श्री राम कथा का वाचन किया जा रहा है।कथा के दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े।अनेक संगठनों ने स्वामीजी का स्वागत किया। कथा के दौरान स्वामी जी श्रद्धालुओं को जीवन के मूल्यों, धर्म और भक्ति का महत्व समझा रहे हैं।कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर प्रवचन का लाभ ले रहे हैं।
जैसे गाड़ी में ब्रेक वैसे ही जीवन में गुरु का महत्व-
स्वामी जी अपने उपदेशों के माध्यम से गुरु के महत्व, जीवन में अनुशासन और सही मार्गदर्शन की आवश्यकता पर विशेष रूप से प्रकाश डाल रहे हैं। कथा का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। स्वामी जी ने अपने प्रवचन में जीवन में गुरु के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जैसे वाहन में ब्रेक का होना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि ब्रेक के बिना दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, उसी प्रकार जीवन में गुरु का होना भी अनिवार्य है। स्वामी जी ने उदाहरण देते हुए कहा कि बिना ब्रेक की गाड़ी अधिक दूरी तक सुरक्षित नहीं चल सकती और वैसे ही बिना गुरु के जीवन भी सही दिशा में आगे नहीं बढ़ पाता।
उन्होंने बताया कि गुरु जीवन का वह आधार होते हैं, जो व्यक्ति के चरित्र और उसकी शक्ति को पहचान कर उसे नियंत्रित करते हैं तथा सही मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। गुरु के मार्गदर्शन से ही जीवन संतुलित, सुरक्षित और सार्थक बनता है। दूसरे प्रसंग में स्वामी जी बताते हैं कि जब कौरवों और पांडवों की सभा में युवराज चुने जाने का प्रस्ताव आया, तब यह निर्णय लिया गया कि दुर्योधन और युधिष्ठिर—दोनों को एक-एक दिन के लिए राज्य में भेजा जाए। वहाँ जाकर वे जनता की स्थिति देखें और लौटकर सभा में अपना अनुभव बताएँ। युधिष्ठिर ने बताया कि राज्य की जनता अत्यंत परिश्रमी है। वे सुबह से शाम तक मेहनत करके राज्य का पालन-पोषण करती है। जनता ईमानदार है और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक है। वहीं दुर्योधन ने कहा कि उसने जनता में नकारात्मक सोच देखी। उसके अनुसार लोग कामचोर हैं और उन्हें दंड देकर ही सही मार्ग पर लाया जा सकता है। तब विदुर जी ने कहा कि राज्य चलाने के लिए सकारात्मक सोच आवश्यक होती है, न कि नकारात्मक। वही व्यक्ति राज्य का युवराज बनने योग्य है, जो जनता और राज्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखता हो।

भाजपा जिलाध्यक्ष भी पहुंचे कथा में
कथा सुनने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया अपनी पत्नी जनपद पंचायत अध्यक्ष निर्मला भूरिया ,जिला उपाध्यक्ष रामेश्वर नायक,मंडल अध्यक्ष कमलेश नायक, दिलीप नलवाया,महामंत्री संचित कटारिया,ध्रुव जोशी,तेजमल गाहरी के साथ पहुंचे।भाजपा की ओर से सभी ने स्वामीजी के बहुमान भी किया स्वामी जी ने सबको भगवा दुप्पटे ओढ़ाये ।
