दादावाड़ी जैन मंदिर में 5 वीं बार चोरी

मालवा न्यूज रानापुर (ललित जैन)
जोबट नाका स्थित महाविदेह मधुकर धाम में बीती रात बदमाशों ने चोरी की वारदात की। घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई ।4 बदमाश रात्रि में करीब 1:30 बजे मंदिर में प्रवेश करते दिखाई दिए। 2 बदमाशों ने मंदिर के दोनों चौकीदारों को धारदार हथियार दिखाकर कब्जे में किया। दो बदमाशों ने मंदिर के मुख्य द्वार का नकुचा तोड़कर मंदिर में प्रवेश किया। बदमाश भगवान के आभूषण ले गए। वहां रखी दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे पैसे भी ले गए ।हालांकि पूर्व में हुई वारदातों के चलते जैन समाज द्वारा भगवान को यहाँ आर्टिफिशियल ज्वेलरी ही पहनाई जाती है।
घटनास्थल से करीब 200 मी दूर पुलिस पॉइंट था। बदमाशों ने वारदात को इतनी तेजी से अंजाम दिया कि पुलिस को खबर ही नहीं लगी ।बदमाशों के जाने के बाद चौकीदार ने फोन कर मंदिर के व्यवस्थापक ललित सकलेचा को घटना की जानकारी दी। सकलेचा ने पुलिस को जानकारी दी ,इसके बाद मौके पर टीआई एसएस रघुवंशी पुलिस बल लेकर पहुंचे।उन्होंने सर्चिंग भी की ।
धार से बुलवाना पड़ा डॉग स्क्वाड
घटनास्थल पर सुराग सर्च करने डॉग स्क्वॉड धार से बुलवाना पड़ी।दरअसल झाबुआ आलीराजपुर जिले में डॉग स्क्वाड नही होने से यह स्थिति बनी।फोरेंसिक जांच टीम ने आकर फिंगर प्रिंट भी लिए।टीआई एसएस रघुवंशी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की सर्चिंग की जा रही हैं।जल्दी ही पता लगा लिया जाएगा।
