दादा आदिनाथ की एक मुस्कान ने मेरी नवाणु यात्रा सरल कर दी – मोक्षा नाहर

ललित जैन मालवा न्यूज रानापुर
शुरुआत कठिन हुई , यात्रा पूरी नहीं होगी यह लगने लगा था,दादा के सामने विनती की और दादा आदिनाथ की एक मुस्कान ने मेरी नवाणु यात्रा सरल बना दी । यात्रा का अपना अनुभव बताते खुशी से भरे अपनी आंखों से छलकने वाले आंसुओं को रोकते अपनी बातों को शेयर करते उपस्थित सभी समाजजनों की आंखों को गीला करते हुए अपनी नवाणु यात्रा पूरी कर आई तपस्वी मोक्षा नाहर ने अपने अनुमोदना कार्यक्रम में कहा कि यात्रा के अंतिम दिन दादा के दर्शन करने के बाद वहां से आने का मन ही नहीं करा,दो बार बाहर आई और फिर अंदर दादा आदिनाथ के सामने बैठ गई । कुमारी मोक्षा नाहर की सिद्धाचल तीर्थ पालीताणा की 99 नवाणु यात्रा की तपस्या के उपलक्ष्य में मदनलाल नाहर परिवार ने 2 दिवसीय भक्ति महोत्सव का आयोजन किया । शनिवार को रात्रि में विधिकारक मनीष मेहता जावरा ने प्रभु भक्ति की प्रस्तुति दी । रविवार को मोक्षा की अनुमोदना में एक चल समारोह निकला जिसमें रथ में तपस्वी मोक्षा नाहर बैठी थी । बैंड की सुमधुर आवाज और जैन भक्ति गीतों पर नाचते झूमते परिवार जन साथ चल रहे थे । जुलूस में सकल जैन अजैन समाज के बड़ी संख्या में श्रावक श्राविकाएं चल रही थी । चौराहों पर गरबा किया गया । चल समारोह नगर के प्रमुख मार्गो से गुजरता हुआ चारित्र आराधना भवन पर एक अनुमोदना सभा में परिवर्तित हुआ । यहां श्री मुनिसुव्रत स्वामी जिनालय के वरिष्ठ मनोहरलाल नाहर,ओसवाल पंच के अध्यक्ष दिलीप सकलेचा,अग्रवाल समाज के संजय अग्रवाल,झाबुआ के पंकज मोगरा, पदमा सेठ,सुशील जैन इंदौर,सुनीता जैन रिंगनोद, पाठशाला की बालिका कटारिया आदि ने अपने उद्बोधन में कुमारी मोक्षा के तप की अनुमोदना की । संजय अग्रवाल ने समाज में पाठशाला के संचालन से नगर के जैन समाज की नई पीढ़ी में धार्मिक संस्कारों का बीजारोपण हो रहा है इसी का परिणाम है कि नगर में तप आराधना का दौर अवनरत जारी है । दिलीप सकलेचा ने कहा कि बेटी मोक्षा का जैसा नाम है वो इस तप के माध्यम से इस मार्ग पर अग्रसर दिखाई दे रही है । उन्होंने कहा कि नाहर परिवार हमेशा धार्मिक कार्यों में अग्रणी रहता है मैं उनकी भी अनुमोदना करता हु । इस अवसर पर तपस्वी मोक्षा नाहर का बहुमान श्री मुनिसुव्रत स्वामी जिनालय,श्री ओसवाल पंच,श्री राजेंद्र जैन नवयुवक परिषद मुनिसुव्रत स्वामी जिनालय,महिला परिषद,महाशक्ति महिला मंडल,श्री यतींद्र जयंत पाठशाला के द्वारा किया गया । कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र सालेचा ने किया ।आभार जितेंद्र नाहर ने व्यक्त किया ।
